इस साल 22 जुलाई यानि सोमवार से श्रावण मास की शुरूआत हो रही है जो 19 अगस्त तक जारी रहेगा। श्रावण मास को शिव का महीना कहा जाता है और पूरे महीने शिव आराधना होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि महादेव को श्रावण मास इतना क्यों पसंद है और इस मास का क्या धार्मिक महत्व क्या है।
हिंदू धर्मशास्त्रों के अनुसार, श्रावण मास दक्षिणायन में आता है जिसके देवता शिव हैं। इसीलिए इन दिनों भगवान शिव की पूजा करना और व्रत रखना बड़ा ही फलदायक होता है। श्रावण के दौरान बारिश का मौसम होता है और पुराणों के मुताबिक महादेव को चढ़ने वाले सभी फूल-पत्ते बारिश में ही आते हैं, इसलिए श्रावण में शिव पूजा की परंपरा बनी है।
इस महीने का नाम श्रावण या सावन क्यों ?
स्कंद और शिव पुराण के अनुसार इसकी दो वजह सामने आती है। पहली, इस महीने पूर्णिमा तिथि पर श्रवण नक्षत्र होता है। जबकि दूसरी ये कि स्कंद पुराण के अनुसार भगवान शिव ने सनत्कुमार को बताया था कि इस मास में शिव की पूजन से सिद्दी मिलती है इसलिए इसे श्रावण कहते हैं। इसमें निर्मलता का गुण होने से ये आकाश के समान है, इसलिए इसे नभा भी कहा गया है।
श्रवण मास का धार्मिक महत्व :
सावन का महत्व बताते हुए महाभारत के अनुशासन पर्व में अंगिरा ऋषि कहते हैं कि जो इंसान मन और इन्द्रियों को काबू में रखकर एक वक्त खाना खाते हुए श्रावण मास बिताता है। उसे कई तीर्थों में स्नान करने जितना पुण्य मिलता है। मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने सावन माह में भगवान शिव को पति परमेश्वर के रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की थी और तपस्या सफल होने पर उनसे विवाह किया था। यही कारण है कि शिवजी को सावन में अत्यधिक प्रिय है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब महादेव ने समुद्र मंथन से निकले हलाल विष को अपने कंठ में रखा था तब उनका शरीर गर्म हो उठा था और सारी सृष्टि जलने लगी थी। तब सभी देवी देवताओ ने भगवान शिव के तपते शरीर को ठंडा करने के लिए जल अर्पित किया था। इसी वजह से महादेव के भक्त इसी माह में कांवड़ यात्रा करते हैं और हरिद्वार, ऋषिकेश, नीलकंठ आदि दर्शनीय धार्मिक स्थलों पर जाकर भगवान शिव शंकर की स्तुति में लीन हो जाते हैं।
श्रावण मास और जल का संबंध :
शिवपुराण' में उल्लेख है कि भगवान शिव स्वयं ही जल हैं। श्रावण का महीना जितना भगवान शंकर से संबंधित उतना ही इसका पानी से भी गहरा संबंध है। शिवपुराण के श्लोक के अनुसार:
संजीवनं समस्तस्य जगतः सलिलात्मकम्।
भव इत्युच्यते रूपं भवस्य परमात्मनः॥
अर्थात- जो जल समस्त जगत के प्राणियों में जीवन का संचार करता है वह जल स्वयं उस परमात्मा शिव का रूप है। इसीलिए जल का अपव्यय नहीं बल्कि उसका महत्व समझकर उसकी पूजा करनी चाहिए।
महाशिवरात्रि का व्रत भगवान शिव को समर्पित है। इस दिन भक्त भगवान शिव की विशेष पूजा करते हैं और उनसे आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। ऐसी मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने से मनुष्य के सभी पाप नष्ट हो जाते हैं और उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है।
सनातन धर्म में भगवान शिव को सुख-सौभाग्य, सत्य और आस्था का प्रतीक माना जाता है। इनकी पूजा करने से व्यक्ति को सभी प्रकार के भय से मुक्ति मिल सकती है।
हर महीने कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को शिवरात्रि मनाई जाती है, जिसे मासिक शिवरात्रि कहते हैं। फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को महाशिवरात्रि के नाम से जाना जाता है, जिसका विशेष महत्व है। महाशिवरात्रि का पर्व शिव भक्तों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में क्षिप्रा नदी के तट पर भगवान शिव महाकाल के रूप में विराजमान हैं। बारह ज्योतिर्लिंगों में यह तीसरे स्थान पर आता है। उज्जैन में स्थित यह ज्योतिर्लिंग देश का एकमात्र शिवलिंग है जो दक्षिणमुखी है। मंदिर से कई प्राचीन परंपराएं जुड़ी हुई हैं।