August 2025 Vahan Muhurat: अगस्त 2025 में कर रहे हैं वाहन खरीदने का प्लान? यहां जानें शुभ मुहूर्त और नक्षत्र
वाहन खरीदना एक महत्वपूर्ण काम होता है, जहां आपका एक सपना वास्तविकता में बदलने वाला होता है। हिंदू धर्म में जिस तरह लोग मांगलिक कार्य से पहले शुभ मुहूर्त देखते हैं, उसी तरह संपत्ति, वाहन, भूमि खरीदने से पहले भी शुभ मुहूर्त देखा जाता है। मान्यता है कि शुभ समय में वाहन खरीदने से गाड़ी के मालिक के जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। यह न केवल आपके वाहन से जुड़ी समस्याओं को कम कर सकता है, बल्कि आपके जीवन में समृद्धि और सौभाग्य भी ला सकता है। अगर आप भी अगस्त 2025 में नया वाहन खरीदने का प्लान कर रहे हैं, तो इस आर्टिकल में शुभ तिथियां, शुभ मुहूर्त और नक्षत्र बताए गए हैं। इन मुहूर्तों में आप कार, बाइक, ट्रक और अन्य सभी तरह के वाहनों की खरीदी कर सकते हैं।
अगस्त 2025 में वाहन खरीदने के शुभ मुहूर्त
वाहन खरीदने के लिए 16 शुभ मुहूर्त हैं। इसके अलावा और शुभ तिथियां, शुभ मुहूर्त और नक्षत्र नीचे दिए गए हैं-
- 1 अगस्त 2025, शुक्रवार, वाहन ख़रीद शुभ मुहूर्त: सुबह 05:43 से 02 अगस्त 2025, सुबह 03:40 तक, नक्षत्र: स्वाति
- 3 अगस्त, 2025, रविवार, वाहन ख़रीद शुभ मुहूर्त: सुबह 09:42 से 04 अगस्त 2025, सुबह 05:44 बजे तक, नक्षत्र: अनुराधा
- 4 अगस्त 2025, सोमवार, वाहन खरीद शुभ मुहूर्त: सुबह 05:44 बजे से सुबह 09:12 बजे तक, नक्षत्र: अनुराधा
- 8 अगस्त, 2025, शुक्रवार, वाहन ख़रीद शुभ मुहूर्त: दोपहर 02:28 से 09 अगस्त 2025, सुबह 05:47 बजे तक, नक्षत्र: श्रवण
- 10 अगस्त 2025, रविवार, वाहन खरीद शुभ मुहूर्त: सुबह 05:48 बजे से दोपहर 12:09 बजे तक, नक्षत्र: धनिष्ठा
- 11 अगस्त 2025, सोमवार, वाहन खरीद शुभ मुहूर्त: सुबह 10:33 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक, नक्षत्र: शतभिषा
- 13 अगस्त 2025, बुधवार, वाहन ख़रीद शुभ मुहूर्त: सुबह 10:32 बजे से 14 अगस्त 2025, सुबह 04:23 बजे तक, नक्षत्र: रेवती
- 14 अगस्त 2025, गुरुवार, वाहन ख़रीद शुभ मुहूर्त: सुबह 05:50 से सुबह 09:06 तक, नक्षत्र: रेवती
- 17 अगस्त 2025, रविवार, वाहन खरीद शुभ मुहूर्त: शाम 07:24 बजे से 18 अगस्त 2025, शाम 05:52 बजे तक, नक्षत्र: रोहिणी, मृगशीर्ष
- 18 अगस्त, 2025, सोमवार वाहन ख़रीद शुभ मुहूर्त: सुबह 05:52 से 19 अगस्त 2025, सुबह 02:06, नक्षत्र: मृगशीर्ष
- 20 अगस्त 2025, बुधवार, वाहन खरीद शुभ मुहूर्त: दोपहर 01:58 बजे से 21 अगस्त 2025, सुबह 05:53 बजे तक, नक्षत्र: पुनर्वसु, पुष्य
- 21 अगस्त 2025, गुरुवार, वाहन खरीद शुभ मुहूर्त: सुबह 05:53 बजे से दोपहर 12:44 बजे तक, नक्षत्र: पुष्य
- 27 अगस्त 2025, बुधवार वाहन खरीद शुभ मुहूर्त: दोपहर 03:44 बजे से 28 अगस्त 2025, सुबह 05:57 बजे तक, नक्षत्र: चित्रा
- 28 अगस्त 2025, गुरुवार वाहन ख़रीद शुभ मुहूर्त: सुबह 05:57 से 29 अगस्त 2025, सुबह 05:58 बजे तक, नक्षत्र: चित्रा, स्वाति
- 29 अगस्त 2025, शुक्रवार, वाहन खरीद शुभ मुहूर्त: सुबह 05:58 बजे से सुबह 11:38 बजे तक, नक्षत्र: स्वाति
- 31 अगस्त 2025, रविवार, वाहन खरीद शुभ मुहूर्त: सुबह 05:59 बजे से शाम 05:27 बजे तक, नक्षत्र: अनुराधा
शुभ मुहूर्त में वाहन खरीदने का महत्व
वाहन खरीदना एक महत्वपूर्ण निर्णय है और सही समय पर इसकी खरीदारी करना आपके लिए बेहतर अनुभव प्रदान कर सकता है। ज्योतिषीय दृष्टि से कुछ दिन और समय वाहन खरीदने के लिए अधिक अनुकूल होते हैं। सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार जैसे दिन वाहन खरीदने के लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं। शनिवार को शनि ग्रह से जुड़े होने के कारण इससे बचना चाहिए। शुक्रवार का दिन विशेष रूप से अनुकूल है और एकादशी को भी एक शुभ दिन के रूप में देखा जाता है। नक्षत्रों के मामले में स्वाति, पुनर्वसु, शतभिषा और धनिष्ठा जैसे नक्षत्र वाहन खरीद के लिए शुभ होते हैं।
ये नक्षत्र और तिथि वाहन खरीदने के लिए शुभ
अश्विनी और माघ जैसे नक्षत्र भी वाहन खरीदने के लिए शुभ हो सकते हैं। चंद्र राशि के पहले, तीसरे, पांचवें, छठे, दसवें, ग्यारहवें, तेरहवें दिन और पूर्णिमा जैसी तिथियां शुभ मानी जाती हैं। राहु काल के दौरान वाहन खरीदना या बेचना नहीं चाहिए और अमावस्या के दिन भी खरीदारी करने से बचना चाहिए। अपनी जन्म कुंडली का विश्लेषण करने के लिए ज्योतिषी से परामर्श करने से ग्रहों की स्थिति के आधार पर उपयुक्त दिन निर्धारित करने में मदद मिलेगी। सुनिश्चित करें कि चंद्रमा आपकी जन्म कुंडली के छठे, आठवें या बारहवें घर में न हो।